बुद्धि, सुख, दुःख, इच्छा, द्वेष, और प्रयत्न ये आत्मा के गुण हैं। गुरुत्व (भार) भारी वस्तुओं का। द्रवत्व (बहने का गुण) बहती हुई वस्तुओं का । संस्कार-तीन प्रकार का है-भावना-स्मृति कराने वाला संस्कार, आत्मा का। वेग, चलने वाले द्रव्यों का। और स्थिति स्थापक (पहली अवस्था में लाने वाला) पृथिवी आदि का । धर्म अधर्म आत्मा के और शब्द आकाश का गुण है।
उत्क्षेपणमवक्षेपणमाकुञ्चनं प्रसारणं गमनमिति कर्माणि । ७ ।
उत्क्षेपण (ऊपर फैंकना) अवक्षेपण (नीचे फैकना) आकुञ्नचन (सकोड़ना) प्रसारण (फैलाना) और गमन ये(५) कर्म हैं।
व्या-कर्म, क्रिया ( Action) को कहते हैं । यह प्रत्यक्ष सिद्ध है। कर्म द्रव्य में ही रहता है, गुण में नही। जब घोड़ा दौड़ता है, तो वह कर्म घोड़े में हुआ है, उस के रंग में कोई कर्म नहीं हुआ । यदि रंग में भी अलग कर्म होता, तो रंग घोड़े से अलग भी हो जाता, वा वेग की दौड़ में कभी न कभी कुछ आगे पीछे होता। ये कर्म पांच ही प्रकार के हैं, उत्क्षेपण, अवक्षेपण, आकुञ्चन, प्रसारण और गमन ।
प्रश्न-कर्म तो और भी बहुत हैं, जैसे हिलना, डोलना, घूमना, फिरना, बहना, जलना, उड़ना, इत्यादि ।
उत्तर-ये सब कर्म गतिविशेष है, इस लिए गमन के ही अन्तर्गत हैं, अलग नहीं।